संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश ने किसानों के साथ सिंचाई विभाग के अफसरों को भी राहत दी है। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 70.6 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। इसका असर बांधों के जलस्तर पर भी दिखाई दिया। गोविंद सागर बांध का जलस्तर 55 सेंटीमीटर और जामनी बांध का 36 सेंटीमीटर बढ़ गया। इसके अलावा जिले के कई अन्य बांधों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बारिश से खरीफ की फसलों को भी जीवनदान मिला है।
पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को रविवार की शाम हुई तेज बारिश से बड़ी राहत मिली। जिले में करीब डेढ़ से दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे खेतों में नमी बढ़ी और बांधों के कैचमेंट क्षेत्र में भी पर्याप्त पानी पहुंचा। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गोविंद सागर और जामनी बांध के जलस्तर में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गोविंद सागर बांध का जलस्तर रविवार सुबह 359.72 मीटर था, जो सोमवार सुबह बढ़कर 360.27 मीटर पहुंच गया। इस तरह 24 घंटे में इसमें 0.55 मीटर यानी 55 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई। इसी तरह जामनी बांध का जलस्तर 397.52 मीटर से बढ़कर 397.88 मीटर पहुंच गया। इसमें 0.36 मीटर यानी 36 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके अलावा शहजाद, सजनाम, रोहिणी, उटारी, राजघाट, माताटीला, कचनौंदा, जमड़ार, भावनी और भौंरट बांधों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि लोअर रोहिणी और बंडई बांध के जलस्तर में कोई बदलाव दर्ज नहीं हुआ।
-
सूखे की आशंका के बीच बारिश से मिली राहत
इस साल मानसून की शुरुआत के बाद अपेक्षित बारिश नहीं होने से किसान चिंतित थे। जून में सामान्य 93 मिलीमीटर के मुकाबले 85 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि जुलाई में 346 मिलीमीटर के मानक के सापेक्ष 286 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। बारिश की कमी से मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की फसलों पर संकट बढ़ने लगा था। अब अगस्त में हुई अच्छी बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और फसलों को राहत मिली है।
नोडल/अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड भूपेश सुहेरा ने बताया कि 24 घंटे के दौरान जिले में अच्छी मानसूनी बारिश हुई है। इससे अधिकांश बांधों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। गोविंद सागर, जामनी और जमड़ार बांध के जलस्तर में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। आगे भी अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
तीन बांधों के कैचमेंट क्षेत्र में 100 मिमी से अधिक बारिश
सिंचाई विभाग के अनुसार 24 घंटे के दौरान राजघाट बांध के कैचमेंट क्षेत्र में सर्वाधिक 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गोविंद सागर के कैचमेंट क्षेत्र में 125 और भौंरट में 102 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कचनौंदा में 90, सजनाम में 58, लोअर रोहिणी में 54 और जामनी व उटारी के कैचमेंट क्षेत्र में 50-50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तहसीलवार बारिश
महरौनी - 111 मिमी
ललितपुर सदर - 90 मिमी
मड़ावरा - 75 मिमी
पाली - 40 मिमी
तालबेहट - 37 मिमी