तालबेहट। सोमवार को प्रभारी खंड शिक्षाधिकारी योगेंद्र नाथ ने नगर और आसपास के गांवों के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। जहां शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक गैरहाजिर मिले। उन्होंने निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट कार्रवाई की संस्तुति करते हुए बीएसए को भेज दी। वही, इस कार्रवाई को लेकर अध्यापकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रहीं है।
तालबेहट विकास खंड का अतिरिक्त चार्ज लिए ब्लॉक बार के खंड शिक्षाधिकारी ने नगर के बड़ा बाजार प्राइमरी स्कूल, डीसी रोड, कन्या पाठशाला, रानीपुरा समेत खांदी के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें दर्जनों शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक गैरहाजिर मिले। जिनके बारे में मौजूद स्टाफ भी कोई उत्तर न दे सका। इस कार्रवाई के बाद पूरे समय शिक्षकों में इसे सुलटाने की कवायद चलती रही, जिसको लेकर पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
निरीक्षण ऑनलाइन था। गैरहाजिर मिले कर्मचारियों की सूचना जिला स्तर पर भेज दी गई है। उनका मानदेय और वेतन काटा जाएगा। निरीक्षण के बाद मेरे ऊपर लग रहे सभी आरोप झूठे और गलत हैं।
- योगेंद्र नाथ, प्रभारी खंड शिक्षाधिकारी तालबेहट