ललितपुर। मड़ावरा थानांतर्गत ग्राम सीरोन में मध्याह्न भोजन बनवाने गए एक अध्यापक से गांव के हिस्ट्रीशीटर ने रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपी ने शिक्षक को पीट दिया। मामले की सूचना देने की बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। घटना की उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ने निंदा की है।
ग्राम सोंरई निवासी संजीव कौशिक प्राथमिक विद्यालय सीरोन में इंचार्ज प्रधानाध्यापक है। रोज की तरह संजीव सुबह अपने विद्यालय गए और मिड डे मील बनवाने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय गांव का एक हिस्ट्रीशीटर शराब पीकर स्कूल में आया और गाली- गलौज कर रंगदारी मांगने लगा। शिक्षक ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पिटाई कर दी। खुद को बचाकर शिक्षक संजीव ने थाने पहुंच कर घटना की शिकायत पुलिस को दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
उधर, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ावरा इकाई ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष मुहम्मद जमील अहमद, सरमन लाल, राजेश रावत, आलोक रावत, नरेश खटीक आदि मौजूद रहे।