संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पत्नी से फोन पर बात करने के बाद युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा जखौरा निवासी जगन लोधी (33) ने शनिवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजनों ने बताया कि जगन शराब पीता था। इस कारण से 6-7 माह पूर्व विवाद होने के बाद पत्नी दोनों बच्चों को लेकर अपने मायके इंदौर चली गई थी। शनिवार को जगन ने फोन पर अपनी पत्नी से बातचीत की। इसके बाद उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा ले जाया गया, यहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाई-एक बहन में बड़ा था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। थानाध्यक्ष जखौरा राहुल राठौर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चल सकेगा। जांच की जा रही है।
एक बार छीन लिया था विषाक्त पदार्थ : जगन के परिजनों ने बताया कि कुआं से लौटकर जब जगन घर आया तो विषाक्त पदार्थ का सेवन करने लगा। परिजनों के देख लेने पर उसके हाथ से विषाक्त पदार्थ छीन लिया गया। इसके बाद परिजन दूसरे काम में व्यस्त हो गए। मौका देखकर जगन ने दोबारा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।