ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्ध कराने के लिए ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत ग्राम बिरधा में बदहाल हो चुके तालाब का 75 लाख रुपये से जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसमें तालाब के स्लूज गेट सही कराया जाएगा। साथ ही घाट का निर्माण और सौंदर्यीकरण कर तालाब की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी।
ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत गांव बिरधा में प्राचीन तालाब का निर्माण फसल सिंचाई के लिए किया गया था। तालाब से किसान पानी को लिफ्ट करके अपनी फसलों की सिंचाई करते रहते थे। तालाब से पानी की निकासी के लिए करीब तीन किलोमीटर लंबी नाली बनाई गई। जिससे स्लूज गेट के माध्यम से पानी की निकासी को नियंत्रित किया जाता है।
मगर स्लूज अब क्षतिग्रस्त हो चुका है। वहीं तालाब पर 15.35 मीटर लंबे घाट की सीढ़ियों में असमानता होने के चलते यहां के लोगों को असुविधा हो रही थी और दुर्घटना की संभावना रहती थी। इस तालाब का अनुरक्षण राजघाट निर्माण खंड करता है।
पिछले दिनों राजघाट निर्माण खंड ने तालाब का जीर्णोद्धार करने के लिए 74.96 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाई थी। जिसमें तालाब के पास बसे जंगल एवं सिल्ट सफाई का काम, ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए तालाब के बंध पर इंटरलॉकिंग कराने और घाट को सुगम व सुरक्षित बनाने, तालाब की ऊंचाई बढ़ाने सहित सौंदर्यीकरण के साथ अन्य काम शामिल किए गए। इस कार्ययोजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही निविदा प्रकिया शुरू की जाएगी।
अटल भूजल योजना में चयनित हुआ है यह तालाब
शासन द्वारा भूमिगत जलस्तर को सुधारने के लिए अटल भूजल योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत बिरधा के इस तालाब का चयन हुआ है। तालाब का जीर्णोद्धार का काम अटल भूजल योजना के तहत किया जाएगा।
बिरधा के तालाब का चयन अटल भूजल योजना के तहत किया गया है। तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 74.96 लाख रुपये का बजट मंजूर हुआ है। जल्द ही निविदा प्रकिया होने के बाद इसका सौंदर्यीकरण शुरू हो जाएगा।
इंजी. मनमोहन, अधिशासी अभियंता, राजघाट निर्माण खंड, ललितपुर