ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के असंतुलित अनुपात को सुधारने के लिए सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू करने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश पर यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए जिन स्कूलों में शिक्षकों की संख्या अधिक है, वहां से शिक्षकों का दूसरे विद्यालयों में समायोजन किया जाएगा।
जनपद में कुल 1357 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 866 प्राथमिक, 320 उच्च प्राथमिक और 171 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। इन स्कूलों में करीब 1.36 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। जनपद में लंबे समय से समायोजन न होने के कारण कई विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात प्रभावित हो गया है। हालत यह है कि कुछ विद्यालयों में मानक से अधिक शिक्षक हैं तो कुछ विद्यालय एकल व्यवस्था के सहारे संचालित हो रहे हैं। विद्यालयों में छात्रांकन के अनुपात में शिक्षकों को तैनात करने के लिए शासन ने एकबार फिर से सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। जिसके बाद जनपद में ब्लॉक टू ब्लॉक शिक्षकों का समायोजन करने की प्रक्रिया शुरू करने की कवायद विभाग ने शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस सरप्लस समायोजन में करीब 21-22 शिक्षकों को एकल या खाली चल रहे विद्यालयों में तैनात किया जाएगा। जिससे यहां पर पढ़ाई व्यवस्था बेहतर होगी। समायोजन प्रक्रिया को जिला स्तर पर गठित समिति अंतिम रूप देगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया की जाएगी। इसके लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जा रही है।