तालबेहट। करीब 100 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बावजूद गांव में गंदगी का अंबार लगा होने एवं सैनिटाइज न किए जाने की खबर छपने के बाद पंचायत विभाग ने शुक्रवार को गांव की गलियों में सैनिटाइज करवाया लेकिन गांव में अभी गंदगी हटाने का कार्य व्यापक स्तर पर शुरू नहीं हुआ।
पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद विकास खंड तालबेहट के अंतर्गत ग्राम सुनौरी में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 100 से अधिक हो गया था। जिसके बाद वहां जांच टीम को भेज कर लोगों की जांच करवाई गई थी। वही, उपजिलाधिकारी तालबेहट ने उसे कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित कर बीडीओ तालबेहट को सेक्टर मजिस्ट्रेट बना दिया था। उधर ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग भी हटा दी थी। इस खबर को अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में पेज नंबर 2 पर ‘ग्रामीणों ने हटा दी कंटेनमेंट जोन की बैरिकेडिंग, खुलेआम घूम रहे’ शीर्षक से प्रकाशित किया था। इसके बाद पंचायत विभाग ने शुक्रवार को गांव में गलियों में सैनिटाइज कराया और कुछ गलियों को साफ कराया लेकिन गांव में अन्य स्थानों पर लगे कूडे के ढेर अभी नहीं हटाए गए हैं, न ही पूर्व की तरह बैरिकेडिंग करवाई गई।
गांव की गलियों में सैनिटाइज करवा दिया गया है। गांव में लगे गंदगी के कई ढेर भी हटवा दिए गए है।
- संतोष बाबू गौतम, एडीओ पंचायत तालबेहट।