- हालत की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार की निगरानी में झांसी भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अटल आवासीय विद्यालय में रहने वाली 14 वर्षीय छात्रा समीक्षा की सोमवार सुबह अचानक हालत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। जांच में उसका शुगर लेबल 550 आया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे झांसी रेफर कर दिया। नायब तहसीलदार घनेंद्र तिवारी की निगरानी में उसे भेजा गया।
धौर्रा अटल आवासीय विद्यालय में अध्यनरत जाखलौन निवासी काशीराम की पुत्री समीक्षा (14) की सोमवार को हॉस्टल में अचानक तबीयत खराब हो गई, कुछ ही देर में छात्रा अचेत हो गई। स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना आलाधिकारियों को दी। मौके पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव व चिकित्सकों की टीम पहुंची। जहां पर उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लाया गया। डॉक्टर ने शुगर आदि की जांच की तो उसका शुगर लेबल 550 आया। उसकी हालत की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर किया। जिला प्रशासन ने नायब तहसीलदार धनेंद्र तिवारी की निगरानी में छात्रा को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा, जहां उसे भर्ती कर उपचार चल रहा है।