- विद्यालयों में होगी निबंध, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को रचनात्मक तरीके से छात्रों को समझाया जाएगा। इसके लिए उनकी 150वीं जयंती पर स्कूल-कालेजों में निबंध, भाषण व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें छात्रों को उनके विचारों से जोड़ा जाएगा।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। इसके साथ ही स्कूल-कालेजों में संदेश गूंजेगा। विद्यालयों में निबंध, भाषण व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार से जोड़ना और राष्ट्रनिर्माण में लौहपुरुष पटेल के योगदान को रचनात्मक तरीके से समझाना और उनके बीच राष्ट्रभक्ति, एकता और जिम्मेदारी का भाव जाग्रत करने की है। निबंध प्रतियोगिता कक्षा नौ व उसके ऊपर के सभी छात्रों के बीच होगी। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 व 12वीं के छात्र शामिल होंगे। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा छह से लेकर बारहवीं तक की छात्राएं प्रतिभाग करेंगी। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा एक से आठ तक के छात्र होंगे। यह प्रतियोगिताएं सभी प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में आयोजित होगी। शासन के निर्देश पर जनपद में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देशित कर दिया गया है।