हाईवे पर जगह-जगह जगह झूल रहे तार, करंट लगने का रहता खतरा, निजी बस चालक कर रहे मामानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा/ललितपुर। परिवहन विभाग के अधिकारी भले ही नियमों का पालन कराने का दावा कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर असर नजर नहीं आ रहा है। बिरधा स्थित हाईवे 44 पर खुलेआम निजी बस चालक स्कूली बच्चों को लटकाकर व छतों पर बिठाकर जान जोखिम में डालकर सफर करा रहे हैं। हद तो तब हो गई, जब हाईवे मार्ग होने के बाद भी अफसर मौन बने हुए हैं।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित निजी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं विभिन्न ग्रामीण क्षेत्र से बसों से पढ़ाई को आ रही हैं। लेकिन, बस चालकों की मनमानी के चलते जान की बाजी लगाकर सफर करना पड़ रहा है। हाल यह है कि बसों में खड़े होने तक को जगह नहीं मिलती है। ऐसे में छात्राओं को सफर करने में समस्या हो रही है। खड़े-खड़े सफर करने के बाद भी सुविधा नहीं है। कारण बस में क्षमता से तीन गुना छात्र-छात्राओं सफर कराया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को हाईवे पर संचालित एक बस में गेट पर लगभग दस-दस छात्र लटक कर सफर कर रहे थे। यही नहीं बस की छत पर भी लगभग तीन दर्जन विद्यार्थी बैठकर सफर करते नजर आए। हद तो तब हो गई, जब चलती बस में पीछे लटक कर भी छात्र सफर कर रहे थे। इसमें कुछ तो एक हाथ के सहारे ही लटक कर चल रहे थे। ऐसे में बस में सुरक्षित यात्रा की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
हाईवे पर कई जगह विद्युत लाइन के तार झूल रहे हैं। कुछ स्थानों पर अधिक नीचे आ गए हैं। इसके बाद भी कई निजी बस चालक यात्रियों को छत पर बैठाकर सफर करा रहे हैं। ऐसे में इन तारों की चपेट में आने पर करंट लगने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे है। इससे किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
बिरधा हाईवे पर बसों में छत पर सवारियों को बैठाकर सफर कराने की जानकारी हुई है। इस पर चेकिंग कर कार्रवाई की जाएगी। -मोहम्मद कय्यूम खान, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी