संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम तेरा में गुरुवार को स्कूल से घर लौट रही कक्षा पांचवी की 11 वर्षीय छात्रा आरुषी पानी से भरे गड्ढे में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
मृतका के पिता भजनलाल ने बताया कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री आरुषी कक्षा पांचवीं की छात्रा थी। बृहस्पतिवार की सुबह आरुषी गांव के बस स्टैंड पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई थी। दोपहर करीब एक बजे विद्यालय की छुट्टी होने के बाद वह अपने छोटे भाई संजय और बहन शिवानी के साथ खेत पर बने घर लौट रही थी। रास्ते में वह शौच क्रिया के लिए पानी से भरे गड्ढे की ओर चली गई। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गई। घटना को देख उसके भाई-बहन घबरा गए और घर पहुंचे। यहां भाई-बहन ने परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी।
सूचना पर गांव के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और पानी से भरे गड्ढे में उतरकर पानी के अंदर डूबी आरुषि को बाहर निकाला। आनन फानन परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष बानपुर अरुण तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।