ललितपुर। नगर पालिका परिषद के अठारह सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर पालिका द्वारा कराए जा रहे विभिन्न कार्यों का ब्योरा मांगा है। इस दौरान उन्होंने नियम विपरीत नजूल लिपिक से काम लेने पर खेद प्रकट किया। सभासदों ने स्ट्रीट लाइटों के रख रखाव का ब्योरा भी मांगा है।
इन दिनों नगर पालिका परिषद के अधिकतर सभासद पालिका के कामकाज से असंतुष्ट चल रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने ईओ को पत्र लिखकर उठाए गए बिंदुओं पर कार्रवाई से अवगत कराने के लिए कहा था। पालिका के जिम्मेदार अधिकारी अभी उस पत्र पर कार्रवाई ही नहीं कर पाए हैं कि अठारह सभासदों ने सोलह बिंदुओं का एक और पत्र थमा दिया है, साथ ही इसमें उन्होंने शीघ्र अति शीघ्र बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की है।
इसमें कहा गया कि बोर्ड के गठन से लेकर अब तक पालिका द्वारा कितनी दुकानों का नामांतरण किया गया व पुरानी दुकानों की छतों पर निर्माण एवं खाली भूमि पर दुकानों के निर्माण की स्वीकृति के संबंध में जमा धनराशि का विवरण दुकानवार दिया जाए। इसी तरह बोर्ड के गठन से लेकर अब तक कितनी स्ट्रीट लाइट क्रय की गई, कपंनी से स्ट्रीट लाइट के अनुबंध की छायाप्रति प्राप्त कराने, अनुबंध की शर्तों के हिसाब से स्ट्रीट लाइट के रख-रखाव का लिखित ब्योरा उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत सड़क खोदकर अंडर ग्राउंड फाइबर केबल डाली जा रही है। इससे नगर पालिका की नई व पुरानी सड़क खराब हो रही हैं। नगर पालिका के कार्यों में गति लाने के लिए समितियों के गठन कराने, निर्माण संबंधी प्रस्तावों को शामिल करने, स्वीकृत पूरक प्रस्ताव की छाया प्रति सभासदों को उपलब्ध कराने, आउट सोर्सिंग कर्मियों का रुका वेतन, एरियर, स्वकर के संबंध में की गई कार्रवाई से बोर्ड को अवगत कराने, दिए गए पत्र पर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए कहा है।
-----
यहां भी फंसा पेच
पिछले दिनों नजूल लिपिक का एक वीडियो वायरल हुआ। इस पर सभासदों ने ईओ से आपत्ति जताई। इसके बाद भी हटाने की जगह उनसे निरंतर काम लिया जा रहा है। इस पर असंतुष्ट सभासदों ने दोबारा पत्र लिखकर खेद प्रकट किया है। पत्र में कहा गया कि नजूल लिपिक का पद वरिष्ठ लिपिक की श्रेणी में है जबकि वर्तमान पटल सहायक कनिष्ठ लिपिक पद पर कार्यरत हैं। इस संबंध में बोर्ड के समक्ष पद भार सौंपने के साक्ष्य सहित बोर्ड को लिखित रूप से अवगत कराने के लिए कहा है।
----
सभासदों से एक पत्र प्राप्त हुआ है, इसमें कई मांगे शामिल हैं। जहां बोर्ड बैठक बुलाने का विषय है, वह पालिकाध्यक्ष का है। बाकी अन्य बिंदुओं का निराकरण कराया जाएगा।
-निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
----
सभासदों द्वारा ईओ को कोई भी पत्र दिए जाने की जानकारी नहीं है।
रजनी साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका