कुम्हैड़ी (ललितपुर)। कुम्हैड़ी स्थित राजकीय हाईस्कूल को गांव से दो किलोमीटर दूर नवीन भवन में पहुंचा दिया गया है। इसमें कक्षाएं भी संचालित होने लगी हैं। लेकिन पुलिया के अभाव में स्कूली बच्चे गंदे पानी के बीच निकलने को मजबूर हैं। गांव के ग्रामीणों और बच्चों ने पुलिया निर्माण की मांग की है।
गांव के पास मौजूद राजकीय हाइस्कूूल को नवीन भवन बनते ही गांव से दो किमी दूर स्थानांतरित कर दिया गया है। इस स्कूल में हर वर्ग के लोगों के बच्चे विद्या ग्रहण करने के लिए पहुंचते हैं। सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे प्रतिदिन स्कूल पहुंचते हैं।
लेकिन पुलिया के अभाव में स्कूल के सामने ही नहर का गंदा पानी भर गया है। इस कारण विद्यार्थियों को इस गंदे पानी के बीच निकलना पड़ रहा है। ठंड का मौसम शुरू हो गया है। इससे विद्यार्थियों के सामने और समस्या खड़ी हो गई है। विद्यालय के सामने स्थित इस नाले पर पुलिया निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से करते चले आ रहे हैं। लेकिन इसका निर्माण नहीं किया गया है। इस कारण समस्या बनी हुई है। लेकिन अब यह समस्या विकराल रूप धारण कर रही है।
कई स्कूली बच्चे तो पानी के अधिक भराव को देखकर स्कूल नहीं जा रहे हैं। इससे अध्यापकगण भी परेशान हैं। उनको भी इस पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। विद्यार्थियों, ग्रामीणों व अध्यापकों ने जल्द से जल्द पुलिया निर्माण की मांग की है, जिससे समस्या का समाधान हो सके।