ललितपुर। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर नवीन स्टेशन भवन के साथ ही अन्य विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्लेटफार्म नंबर एक पर एस्केलेटर लगाने के लिए फाउंडेशन और लोहे के पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। वहीं अब एस्केलेटर मशीन लगाने का काम भी शुक्रवार से शुरू होने की संभावना है।
ललितपुर में तीसरी रेल लाइन के साथ रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में भी इजाफा किया जा रहा है। ललितपुर की आबादी और आवागमन को देखते हुए रेलवे द्वारा यहां विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिसके तहत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर नवीन भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, अब यहां तकनीकी कार्य होना बाकी है।
वहीं रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग, असहाय और दिव्यांग एवं अन्य सामान्य लोगों की सुविधा को देखते हुए प्लेटफार्म एक से दो और तीन पर जाने के लिए रेलवे द्वारा यहां एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) लगवाया जा रहा है। इसके लिए रेलवे द्वारा प्लेटफार्म एक-दो-तीन पर एस्केलेटर के लिए फाउंडेशन तैयार कर लोहे के पिलर निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यहां एस्केलेटर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। शुक्रवार से यहां एस्केलेटर मशीनें लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जो लगभग सात से दस दिन में लगा ली जाएंगी। इसके बाद यहां टीनशेड आदि का काम किया जाएगा और एस्केलेटर का पूरा काम लगभग डेढ़ से दो माह में पूरा होने की उम्मीद है।
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं, जिसे लगाने का काम चल रहा है।
-मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।