संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मंडी में किसानों से गेहूं खरीदने के बाद व्यापारियों के प्रपत्र सिक्स और मंडी गेट पास पर रोक लगाने का मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद मंगलवार को सिक्स आर और मंडी गेट पास बनाना शुरू कर दिया गया। सोमवार को जिला प्रशासन का मौखिक आदेश मिलने के बाद दिनभर 6आर और गेट पास नहीं बनाए गए थे। बाद में व्यापारियों के विरोध के बाद देर रात को प्रभारी एडीएम ने गेट पर बैठकर मंडी गेट पास बनवाए थे।
गल्ला मंडी में इन दिनों अनाज की बंपर आवक हो रही है। एक ही दिन में गल्ला मंडी में बीस हजार से अधिक क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। मार्च से अब तक गल्ला मंडी में छह लाख क्विंटल तक आवक हो चुकी है। सोमवार को गल्ला मंडी में 28,331 क्विंटल गेहूं की आवक हुई थी और मंगलवार को भी मंडी में अच्छी आवक रही।
क्रय केंद्रों पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। 17 मार्च से क्रय केंद्र खुल गए थे। इस बार क्रय केंद्रों पर अब तक लक्ष्य के सापेक्ष 28 फीसदी खरीद हुई है। अब क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए दो माह का समय है, लेकिन मंडी में गेहूं की आवक लगातार अच्छी रहने के चलते क्रय केंद्रों पर लक्ष्य पूरा नहीं होने का डर अधिकारियों को सता रहा है।
गल्ला मंडी में व्यापारियों द्वारा स्टॉक अधिक रखने का हवाला देकर मंडी में किसानों से गेहूं खरीद पर रोक लगाने के मौखिक निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडी समिति को दिए। सोमवार देर शाम तक व्यापारियों के लिए गेहूं विक्रय के प्रपत्र सिक्स आर और मंडी गेट पास भी नहीं बनाए गए। व्यापारियों ने इसका विरोध किया और अधिकारियों के साथ बैठक में अपनी बात रखी। सोमवार देर रात तक प्रभारी एडीएम ने मंडी गेट पर रुककर गेट पास बनवाए, तब व्यापारियों का गेहूं बाहर जा सका।
जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को भी सिक्स आर और मंडी गेट पास पर रोक लगाने के निर्देश मिलने की खबर मिलने पर व्यापारियों ने इसकी शिकायत मंडलीय उच्चाधिकारियों से की। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी इसकी शिकायत करने की बात कही। इसकी जानकारी लगते ही उच्चाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और मंडी में फिर से व्यापारियों के लिए 6आर और मंडी गेट पास जारी किए जाने लगे।