ललितपुर/जाखलौन। झांसी-भोपाल जाने वाली रेलवे की तीसरी लाइन की केबल मंगलवार रात कटने से सिग्नल प्रणाली ठप हो गई। जानकारी पर आरपीएफ और तकनीकी टीम ने चार घंटे बाद केबल ठीक कर सिग्नल प्रणाली चालू कर दी।
झांसी से भोपाल जाने वाली तीसरी लाइन पर धौर्रा-मुहासा के बीच मंगलवार रात 10.23 बजे धौर्रा स्टेशन को सूचना मिली कि तीसरी रेलवे लाइन का सिग्नल कार्य नहीं कर रहा है। ऐसे में तत्काल तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने देखा कि किसी ने सिग्नल लाइन का तार काट दिया है। सूचना देकर उसे जोड़ने का काम शुरू किया गया। करीब चार घंटे बाद देर रात 2.20 बजे केबल जुड़ने के बाद उसकी रिपोर्ट कंट्रोल रूप को दी गई। स्टेशन अधीक्षक युवराज सिंह के अनुसार तीसरी लाइन की केबल कटने से रेलवे रूट बाधित नहीं रहा। आरपीएफ थाना प्रभारी अर्जुन कुमार ने बताया कि इस प्रकरण का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।