जिलाधिकारी को ज्ञापन देते पार्षद
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिला अस्पताल में इमरजेंसी में तैनात वार्ड ब्वॉय द्वारा सभासद पर लिखाए प्रकरण के मामले में नगर पालिका परिषद के पार्षदों ने फर्जी फंसाने के आरोप लगाते हुुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जिलाधिकारी को ज्ञापन में बताया गया कि जिला चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक व वार्ड ब्वॉय द्वारा नगर पालिका सभासद जगभान कुशवाहा के खिलाफ कूटरचित, फर्जी एवं मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए मेमो कोतवाली भेजा गया है। इसमें सभासद द्वारा 18 नवंबर की रात्रि ढाई बजे शराब के नशे में जिला चिकित्सालय पहुंचकर चिकित्सक व वार्ड ब्वॉय के खिलाफ अभद्रता व गाली गलौज करते हुुए मारपीट का प्रकरण बताया गया है, यह सब वार्ड ब्वॉय ने रंजिशन किया है। जबकि सभासद जगभान द्वारा 18 नवंबर को वार्ड में ही रहने वाली एक महिला की करीब डेढ़ वर्षीय पुत्री की तबियत खराब होने पर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। आरोप लगाया कि उचित उपचार न होने एवं इमरजेंसी में तैनात स्टाफ द्वारा महिला को चिकित्सा के नाम पर प्रलोभन देते हुए छेड़खानी की गई। जब महिला ने विरोध किया तो उसकी पुत्री का उपचार ठीक से नहीं किया गया। इससे उसकी हालत खराब हो गई। इसकी जानकारी महिला द्वारा वार्ड पार्षद को दी गयी तो वह रात्रि में ढाई बजे अस्पताल पहुंचे और वहां तैैनात चिकित्सक नदारद थे और इमरजेंसी में तैनात वार्ड ब्वॉय से जब चिकित्सक के बारे में पूछा तो वह अभद्रता से बात करने लगे। जब महिला ने वार्ड ब्वॉय पर छेड़छाड़ का उलाहना दिया तो वह सभी उत्तेजित हो गये और अभद्रता पूर्वक बात करते हुए झगड़ा करने लगे और धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया कि अंजाम भुगतना होगा। पार्षदों ने जिलाधिकारी से उक्त प्रकरण में निष्पक्ष जांच करायी जाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पर पार्षद घनश्याम साहू, जहीर रानू, मुकेश रजक, संजय ग्वाला, अमरदीप, अनुुराग जैन, जगभान कुशवाहा, कुुंजलता, अफजुल रहमान, लवली शर्मा, मुस्तफा खां, महेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।