ललितपुर। शहर क्षेत्र से निकले हाईवे की सड़क खस्ताहाल हो गई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर गया है और गड्ढों से बचने के लिए चालकों द्वारा वाहन मोड़ने से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
गोविंद सागर बांध तिराहा से बांसी, तालबेहट की ओर हाईवे पर जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। गिट्टी उखड़कर सड़कों पर बिखरी है। वहीं बारिश होने के कारण हाईवे पर गड्ढों मेें जगह-जगह जलभराव हो गया है। कैलगुंवा चौराहा के पास तो झांसी की ओर जाने वाले हाईवे की सड़क पर बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है, जिसके चलते यहां तेज गति से आ रहे वाहनों के चालकों द्वारा अचानक से अपने वाहन मोड़ देने से आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती हैं।
बीते रोज रविवार को हाईवे पर गड्ढे में भरे पानी से बचाव के लिए एक ट्रक तेज रफ्तार से निकला और अचानक गड्ढे में पानी भरा देख उसने ट्रक दूसरी ओर मोड़ दिया, जिससे सड़क किनारे जा रहे वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गए। वहीं कई बार पानी से भरे गड्ढे से वाहन निकालने पर पास में जा रहे लोगों के ऊपर भी छींटे पड़ जाते हैं। ऐसा नहीं है कि यह सिर्फ कैलगुंवा चौराहा के पास ही यह स्थिति है, मन्नू पेट्रोल पंप से रोंड़ा बांसी की ओर भी पूरी सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, जिससे सड़क किनारे जाने वाले वाहनों को बड़े वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।