ललितपुर। बुधवार को विधान सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होना है। जनपद में 23 फरवरी को चौथे चरण में वोट डाले जाएंगे। वोटरों की सहायता के लिए पोलिंग बूथ पर वोटर गाइड ब्रोशर मिलेगा।
चुनाव आयोग की तरफ से इस बार चुनावों को लेकर विशेष तैयारियां की गईं हैं। इस बार हर पोलिंग स्टेशन पर एक वोटर सहायता बूथ बनाने के साथ वोटर गाइड ब्रोशर का वितरण होगा। अभी तक पोलिंग स्टेशनों पर राजनीतिक दल अपने समर्थकों के जरिए वोटरों को वोटिंग स्लिप से लेकर अन्य सहायता मुहैया कराते रहे हैं। इस बार चुनाव आयोग ने निर्णय लिया है, कि हर पोलिंग स्टेशन पर दस गुणा आठ फिट का एक वोटर सहायता बूथ स्थापित किया जाएगा। इसमें निर्वाचन आयोग की तरफ से तैनात कर्मी वोटरों की मदद करते नजर आएंगे। यह कर्मी पोलिंग स्टेशन के सभी बूथों पर तैनात होंगे। इनका काम वोटरों को रिटर्निंग आफीसर के पास पहुंचने से पहले सारी जानकारियां उपलब्ध कराना होगा। इसी तरह बीएलओ द्वारा हर घर में निर्वाचन आयोग की तरफ से वोटर गाइडेंस ब्रोशर को बंटवाया जाएगा। इस ब्रोशर में मतदान संबंधी सभी जानकारी होने के साथ ही मतदाताओं की वोटिंग स्लिप भी लगी होगी।
महिलाओं का विशेष ख्याल
चुनाव आयोग ने इस बार महिलाओं का विशेष ख्याल रखा है। जिला निर्वाचन अधिकारी की मांग पर निर्वाचन आयोग किसी भी पोलिंग स्टेशन पर अलग से महिलाओं के लिए पोलिंग बूथ की स्थापना कर सकता है, जिससे महिलाओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर इस बार हर असेंबली में विशेष महिला पुलिस सेल का गठन किया जाएगा।
चुनाव आयोग की गाइड लाइन पर काम शुरू
चुनाव की घोषणा होने के बाद आयोग से मिले दिशानिर्देशों के मुताबिक कार्य शुरू कर दिए गए हैं। चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए चुनाव आयोग की गाइड लाइन का पालन किया जाएगा।
- डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी