नगर पालिका के शिविर में मौजूद ईओ व अन्य कर्मी। स्त्रोत सूचना विभाग
ललितपुर। देशभर में जनगणना-2027 के महत्वपूर्ण स्व-गणना कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशन में हुआ है। अभियान को जनसहभागिता से सफल बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जा रहा है और गणना स्टीकर बांटे जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने 16 से 30 नवंबर के बीच पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से परिवार की स्व-गणना करने का आग्रह किया। उन्होंने स्व-गणना के बाद प्राप्त एसई आईडी सुरक्षित रखने और गणना स्टीकर घर पर चस्पा करने को कहा। अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर में गणना स्टीकरों का वितरण किया। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कैंपों के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन विवरण दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान पीई एप पर 40 प्रश्नों के माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। 4 जनवरी को बेघर परिवारों की गणना होगी, जबकि 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित होगा।
जनपद में गणना की व्यवस्थाएं
जनपद ललितपुर में जनगणना कार्य के लिए 05 ग्रामीण और 04 शहरी चार्ज बनाए गए हैं। कुल 2847 गणना ब्लॉक में 2495 प्रगणक और 440 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। जनगणना के द्वितीय चरण में प्रश्न संख्या 10 के अंतर्गत जातिगत गणना भी की जाएगी। स्व-गणना को सरल बनाने के लिए समस्त ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में सहायता केंद्र स्थापित हो रहे हैं।