ललितपुर। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से यूपी नेडा ने आदित्य एप नाम से एक मोबाइल एप विकसित किया है। इस मोबाइल एप के माध्यम से यूपीनेडा लखनऊ द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनमानस/संस्थाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के सौर ऊर्जा संयंत्रों/उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। इन सौर ऊर्जा संयंत्रों, उपकरणों की मरम्मत और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित सूर्यमित्र से तत्काल मोबाइल एप के माध्यम से संपर्क किए जाने और यूपीनेडा लखनऊ से युवाओं द्वारा सूर्यमित्र के प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण के लिए यूपीनेडा द्वारा आदित्य-सी एवं आदित्य-टीई मोबाइल एप विकसित किया गया है। दोनों एप गूगल प्ले पर उपलब्ध कराए गए हैं। इसमें आदित्य-सी एप सौर संयंत्रों या उपकरणों की मरम्मत के लिए और आदित्य-टीई एप सूर्यमित्र/सोलर इलेक्ट्रिक सिस्टम इंस्टालर एवं सर्विस प्रोवाइडर का प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए सूर्यमित्र सेवा प्रदाता के रुप में पंजीकरण कराने के लिए उपलब्ध कराया गया है।
ऐसे काम करेगा आदित्य-सी व आदित्य-टीई एप
यूपीनेडा या अन्य माध्यम से स्थापित कराए गए सौर संयंत्रों का अनुरक्षण, मरम्मत कार्य कराने के लिए मोबाइल एप आदित्य-सी को डाउनलोड कर पंजीकरण कराना होगा, इसके बाद अपने खराब संयंत्र का विवरण फोटो सहित दर्ज किया जाएगा। उक्त संयंत्र यूपीनेडा द्वारा स्थापित होने की दशा में यूआईडी नंबर भी एप में दर्ज करना होगा और संयंत्र पांच वर्ष की वारंटी अवधि में होने की दशा में ठीक कराए जाने के लिए संबंधित फर्म को शिकायत भेजते हुए एप के माध्यम से ही शिकायतकर्ता को सूचना दे दी जाएगी। वारंटी अवधि में नहीं होने की दशा में या फिर अन्य संस्थाओं व मार्केट के माध्यम से स्थापित संयंत्रों को ठीक कराने के लिए 150 रुपये विजिटिंग चार्ज एवं लगने वाले पार्ट की कीमत शिकायतकर्ता को सूर्यमित्र को भुगतान किया जाना होगा। वहीं सूर्यमित्र/सोलर इलेक्ट्रिक सिस्टम इंस्टालर एवं सर्विस प्रोवाइडर का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए मोबाइल एप आदित्य-टीई पर आवेदन करना होगा, आवेदन के जांच के बाद प्रशिक्षण के लिए स्वीकृति प्रदान की जाएगी, जिसकी सूचना आवेदक को एप के माध्यम से ही प्राप्त कराई जाएगी। प्रशिक्षण की तारीख निर्धारित होने पर मोबाइल एप के माध्यम से ही आवेदक को सूचित किया जाएगा और यूपीनेडा के प्रशिक्षण केंद्र लखनऊ पर आवेदकों को निशुल्क आवासीय तीन माह का प्रशिक्षण प्राप्त किया जाएगा।
आदित्य-सी एप सौर संयंत्रों या उपकरणों की मरम्मत के लिए और आदित्य-टीई एप सूर्यमित्र/सोलर इलेक्ट्रिक सिस्टम इंस्टालर एवं सर्विस प्रोवाइडर का प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए सूर्यमित्र सेवा प्रदाता के लिए तैयार किया गया है।
-अतुल शंकर श्रीवास्तव, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी-2, यूपीनेडा, ललितपुर।