तालबेहट। तहसील के विभिन्न थाना क्षेत्रों से शांतिभंग के मामलों में न्यायालय में अपराधियों को समय से पेश न करने को देखते हुए नवागंतुक एसडीएम घनश्याम भारती ने समस्त थानाध्यक्षों को पत्र लिखा।
तहसील अंतर्गत कोतवाली तालबेहट, थाना पूराकलां, बार और जखौरा थानों में आए दिन शांतिभंग की धाराओं में विभिन्न अपराधी लाए जाते हैं। लेकिन उन अपराधियों के न्यायालय में पेश होने की समय सीमा निश्चित नहीं है। कभी-कभी तो न्यायालय बंद होने के बाद अपराधी न्यायालय में लाए जाते हैं। इस कारण दूरस्थ अंचलों से आने वाले अधिवक्ताओं एवं अन्य कर्मचारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। जमानत न होने तक उन्हें भी न्यायालय में रूकना पड़ता है। इससे उनके समक्ष आवागमन का संकट बन जाता है। इसके अलावा न्यायालयी कामकाज भी बुरी तरह से प्रभावित होता है। इस पर लगाम कसते हुए उपजिला मजिस्ट्रेट घनश्याम भारती ने समस्त थानाध्यक्षों को पत्र लिख कर समय से अपराधियों को न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम की इस पहल का अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है।