मड़ावरा(ललितपुर)। थाना मदनपुर क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में शराब के नशे में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में मदनपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
थाना मदनपुर अंतर्गत वनक्षेत्र में बसे एक गांव के निवासी पीड़िता के पिता द्वारा दबंगों द्वारा उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म करने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत थाने में दी थी सुनवाई नहीं होने उसने जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी से शिकायत की, तब जाकर आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई। पीड़िता के पिता ने तहरीर में बताया था कि बीते माह रजऊ राजा एवं भगत सिंह उसकी 16 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर घर ले गए। जहां बंधक बनाकर रातभर बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और दूसरे दिन सुबह गांव से दूर एक खेत में फेंक दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। अब पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों को थाना मड़ावरा क्षेत्र के बम्हौरी तिराहा से रविवार सुबह साढ़े नौ बजे गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मदनपुर अजय कुमार, उपनिरीक्षक भगत सिंह, राघवेंद्र सिंह एवं अंकुल सिंह शामिल हैं।