अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर ललितपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत संरचना, शिक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आवागमन को सुदृढ़ करने से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप शहजाद नदी पर दीर्घ सेतु का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से आवश्यकता है। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने पूराकलां राजकीय इंटर कॉलेज के विकास एवं वहां आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की बात रखी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक ने बांसी एवं विरधा पुलिस चौकी को पूर्ण थाना बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी और आमजन को त्वरित सुरक्षा एवं न्याय मिल सकेगा। उन्होंने जखौरा-तालबेहट मार्ग को बेहतर बनाने और खेडर नदी पर दीर्घ सेतु के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।