ललितपुर। खरीफ की फसल बर्बाद हो जाने से किसान परेशान हैं। इस पर शासन ने जरूर थोड़ा सा मरहम लगा दिया है। किसानों को राहत राशि बांटने के लिए शासन ने 21 करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं।
जिले में गत वर्ष हुई ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से किसान पूरी तरह से बरबाद हो गया था। शासन ने फसल नुकसान का सर्वे कराया तो करीब 355 करोड़ रुपये की क्षति का आकलन किया गया। इसमें जिले के दो लाख से अधिक किसान प्रभावित हुए थे। उक्त फसल का मुआवजा राहत राशि के तौर पर किसानों को दिया जा रहा है। फरवरी/मार्च महीने में हुई फसल क्षति का नुकसान अभी भी शासन स्तर से आ रहा है। अब तक जिले में लगभग 96 करोड़ रुपये से अधिक राशि बांटी जा चुकी है। हाल ही में शासन ने करीब तीन सौ करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं। इसमें से ललितपुर जिले को 21 करोड़ रुपये दिए गए हैं। जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर ने कहा कि उक्त पैसा किसानों के खाते में जल्द भिजवा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि किसान अभी ओलावृष्टि और अतिवृष्टि के नुकसान से उबर नहीं पाया था कि पानी नहीं बरसने के कारण खरीफ की फसल भी चौपट हो गई है। किसान उर्द, मूंग, सोयाबीन आदि की फसलों में नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर प्रतिदिन प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में 21 करोड़ रुपये मुआवजा राशि आने से किसानों को थोड़ी- बहुत राहत जरूर मिलेगी।