मड़ावरा में मंडलायुक्त को ज्ञापन देते भाजपा पदाधिकारी
- फोटो : LALITPUR
मड़ावरा। भाजपा मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसमें आरोप लगाया कि परिषदीय विद्यालयों में घटिया किस्म यूनिफार्म का वितरण किया गया है। इसके अलावा कई अन्य शिकायतें भी बताई गईं।
मंडल अध्यक्ष सूरज जैन ने कमिश्नर को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि जिले में इस वर्ष सोयाबीन एवं उड़द की फसल में मोजेक रोग लग गया है, इससे फसल में 70 फीसदी तक नुकसान हुआ है, जबकि राजस्व विभाग द्वारा महज 25 प्रतिशत नुकसान की रिपोर्ट भेजी गई जो कि गलत है और यह किसानों के साथ धोखा है। परिषदीय विद्यालय में काफी कम मानदेय पर अंशकालिक अनुदेशकों से काम लिया जा रहा है। अनुदेशकों के जनपद के भीतर स्थानांतरण प्रक्रिया अपनाई जाए। सरकारी अस्पताल एवं आयुर्वेदिक अस्पताल में वर्षों से चिकित्सक डटे हुए हैं। चकबंदी एवं वन विभाग कार्यालय में भी ऐसा ही हाल है। कई वर्षों से डटे कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाए। परिषदीय विद्यालयों में ठेकेदारों के माध्यम से घटिया किस्म की ड्रेस वितरित की जा रही है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते किसानों को पलेवा करना मुश्किल हो रहा है। विद्युत विभाग द्वारा क्षेत्र में लाइन फाल्ट, ओवरलोड के नाम पर लगातार की जा रही अघोषित कटौती की जा रही है। यही नहीं, विभागीय कर्मियों की मिलीभगत से बिजली चोरी की जा रही है। ज्ञापन पर मंत्री प्रतिनिधि कैलाश साहू, श्रीराम पटैरिया, हनुमत सिंह, नारायण सिंह सेंगर, जाहर सिंह, सुखराम पटेल आदि के हस्ताक्षर अंकित बताए गए हैं।