नगर की सड़कों को चौड़ा करने और उन्हें गड्ढामुक्त बनाने के लिए नौ करोड़ चौरासी लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए प्रशासन ने शासन को बजट की डिमांड भेजी है। इस रकम से करीब 17 किलोमीटर सड़क संवारी जाएगी। इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए नगर पालिका द्वारा नगर की खराब सड़कों को चिह्नित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 जून तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के आदेश दिए हैं। इसके अनुपालन में विभागीय अफसरों ने गड् ढा युक्त सड़कों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने नगर की 181 किलोमीटर तक विभिन्न सड़कों का सर्वे कराया है। इस दौरान 17.95 किलोमीटर सड़कें गड्ढायुक्त पाई गई हैं। इस समय नगर पालिका परिषद धन की कमी से जूझ रहा है। इस कारण अधिशासी अधिकारी ने इनकी मरम्मत के लिए नौ करोड़ चौरासी लाख रुपये की डिमांड शासन को भेजी है। यदि, पालिका परिषद की मांग पूरी हो जाती है तो नगर की खस्ताहाल सड़कें जल्द ही गड्ढों से मुक्त हो जाएंगी। इससे शहर का यातायात सुगम हो जाएगा।
पालिका निधि से हो रही मरम्मत
नगर पालिका परिषद ने स्वयं के फंड से भी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाना शुरू कर दिया है। हाल ही में नगर पालिका परिषद ने सड़कों की मरम्मत के लिए निविदा निकाली है। इसमें पालिका निधि से तालाबपुरा में डोड़ाघाट गेट से कर्बला घाट तक गड्ढा भराव कार्य, गोविंदनगर में मवेशी बाजार से रामलीला ग्राउंड होते हुए कांशीराम कालोनी एवं कैलाश नारायण कुशवाहा के मकान की ओर सीसी, सड़क गड्ढा का भराव कार्य, तालाबपुरा में मनोहर यादव के मकान से शारदामाता मंदिर होते हुए पंचम ईसाई की दुकान तक गड्ढा भराव कार्य, वार्ड नंबर छह रेलवे रोड से पुराना हड्डी मिल होते हुए अरविंद झा के मकान की ओर सीसी रोड गड्ढा भराव कार्य शामिल है।
करीब साठ लाख रुपये से होंगे काम
नगर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए शासन से नौ करोड़ चौरासी लाख रुपये की मांग की गई है। इसके लिए अवस्थापना एवं पालिका बोर्ड से करीब साठ लाख रुपये की लागत के निर्माण कार्य आरंभ होने हैं।
राकेश कुमार, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद ललितपुर।