ललितपुर। अंत्योदय एवं पात्र परिवारों के राशन कार्डों का सत्यापन कर रहे कर्मचारियों को इसकी सूचना प्रतिदिन डीएसओ कार्यालय को देनी होगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि सत्यापन कार्य में कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायतें आ रही हैं, इस पर निगरानी के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नगरीय क्षेत्र में 23961 पात्र गृहस्थी, 3147 अंत्योदय एवं ग्रामीण क्षेत्र में 182176 पात्र गृहस्थी एवं 24134 अंत्योदय कार्ड बनाए गए हैं। इन कार्डों का सत्यापन किया जा रहा है। इस कार्य में ग्राम पंचायत अधिकारी/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लेखपाल एवं पंचायत मित्रों को लगाया गया है। इस तरह नगरीय क्षेत्रों में साठ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तीन सौ बारह सर्वेयर नियुक्त हैं। इसके अलावा करीब 90 पर्यवेक्षक सर्वेयर पर निगरानी रख रहे हैं। इसके बाद भी सर्वेयर सत्यापन की प्रतिदिन की सूचना डीएसओ कार्यालय को मुहैया नहीं करा रहे हैं, जिससे कि सत्यापन की सूचना उच्चस्थ अधिकारी को भेजने में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इसे संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को सत्यापन की प्रतिदिन की सूचना डीएसओ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
यह है सत्यापन का प्रारूप
कितनी ग्राम पंचायतों में टीम द्वारा घर-घर सत्यापन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। ऐसी ग्राम पंचायतें जहां सत्यापन सूची का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। सत्यापन के पूर्व लाभार्थियों की संख्या, सत्यापन में पाए गए अपात्र व्यक्तियों की संख्या, सत्यापनोपरांत पात्र सूची में शामिल किए गए नए लाभार्थियों की संख्या, सत्यापनोपरांत कुल पात्र लाभार्थियों की संख्या, लाभार्थियों का त्रुटिरहित डाटा के आनलाइन किए जाने की स्थिति का विवरण प्रारूप में भरा जाना है।
प्रारूप पर मुखिया के होने हैं हस्ताक्षर
सत्यापन प्रारूप पर नाम, पिता/पति का नाम, जन्म तिथि, निवास, वार्षिक आय, गैस कनेक्शन की स्थिति, बिजली कनेक्शन की स्थिति, बैंक खाते का विवरण, आधार संख्या, मोबाइल नंबर भरा जा रहा है। इस प्रारूप पर मुखिया/ वरिष्ठ परिवार के सदस्य के हस्ताक्षर होने हैं। यही नहीं, सत्यापन प्रारूप पर सत्यापन कर्मी पात्र/अपात्र की श्रेणी भी तय करेंगे। लेकिन, सत्यापन कर्मी इन सब जानकारियों को देने से बच रहे हैं।