ललितपुर। शहर के वार्ड नंबर 16 आजादपुरा प्रथम एवं 12 आजादपुरा तृतीय में बरसात के मौसम में सड़कें जर्जर हो गई हैं। बारिश के चलते लोगों का सड़क पर पैदल चलना मुश्किल है। जगह-जगह गड्ढे होने से स्कूली बच्चे सहित राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
समस्या के निदान के लिए पार्षद शिवानी कुशवाहा एवं दीपा कुशवाहा के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार को ज्ञापन देकर समस्या को दूर कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि आजादपुरा प्रथम में संग्राम सिंह के मकान होते हुए देहरे बाबा मंदिर की ओर पेवर ब्रिक्स व इंटर लॉकिंग एवं निर्माण कार्य का टेंडर नगरपालिका में पास हो चुका है। पांच महीने का समय बीतने के बाद भी संबंधित ठेकेदार ने कार्य शुरू नहीं किया। इस रोड पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जल विहार, गणेश उत्सव, नवरात्र आदि पर्व-त्योहार आ रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को यहां से निकलने में काफी असुविधा उठानी पड़ेगी। उन्होंने वार्ड नंबर 12 व वार्ड नंबर 16 के बीच पास हुए कार्यों को शीघ्र शुरू कराए जाने की मांग की।