ललितपुर। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम पंचायत जरावली के अधूरी सड़क की समस्या से जल्द ही निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क को 1.14 करोड़ से बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने कार्य को समय पर शुरू करने के लिए स्वीकृति की प्रत्याशा में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जरावली मार्ग में दो किलोमीटर तक पक्की सड़क का निर्माण किया गया है। शेष लगभग डेढ़ किलोमीटर मार्ग कच्चा है। इससे गांव समेत आस-पास के लोगों को आने-जाने में समस्या बनी हुई है। गर्मी व सर्दी के मौसम में धूल के गुबार व गड्ढों से हिचकोले खाकर चलना पड़ता है। वहीं बारिश के मौसम में रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है।
समस्या के निस्तारण के लिए लोक निर्माण विभाग ने स्टीमेट तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया था। इसको जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही कार्य को शुरू कराया जाएगा।
-
जरावली के अवशेष मार्ग के निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार कर भेजा था, जिसको जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। इसके साथ ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
- विजयचंद्र, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग