जाखलौन। सरकार के डिजिटल इंडिया के दावों के विपरीत, जाखलौन क्षेत्र के ग्राम पंचायत धौर्रा में स्थित उपडाकघर दिवाली से बंद है। इससे आसपास के करीब 10 गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और सुकन्या समृद्धि योजना के लाभार्थियों को हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, उपडाकघर लंबे समय से नियमित रूप से नहीं खुल रहा है। दिवाली के बाद से बंद होने के कारण आवश्यक सेवाएं प्रभावित हैं। सुकन्या समृद्धि योजना की किस्त जमा करने के लिए अभिभावक चक्कर लगा रहे हैं। बुजुर्गों और वृद्ध महिलाओं को पेंशन की रकम निकालने में कठिनाई हो रही है। आरडी और एफडी खातों में लेनदेन भी बाधित है। डाक वितरण का काम भी प्रभावित हुआ है। रोजाना ग्रामीण डाकघर पहुंचते हैं पर ताला देखकर मायूस लौटते हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारियों की तैनाती के बावजूद डाकघर का संचालन नियमित नहीं है। इस कारण लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार के बैंकिंग और डाक सेवाएं गांव तक पहुंचाने के दावों के विपरीत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उपडाकघर को नियमित रूप से खुलवाने की मांग की है।
00000
रोजाना सुबह डाकघर आते हैं, लेकिन गेट पर ताला लगा मिलता है। कई बार बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है। इससे काफी परेशानी हो रही है।-लक्ष्मण सिंह, ग्रामीण
-
सुकन्या समृद्धि योजना की किस्त जमा करने के लिए दीपावली के बाद से डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन डाकघर नहीं खुल रहा है। इससे समय पर किस्त जमा करने में परेशानी हो रही है।-महेश सेन, ग्रामीण
-
मामला संज्ञान में आया है। उप डाकघर नहीं खुलने के मामले में जांच कराई जाएगी।-राजीव तिवारी, सहायक डाक अधीक्षक, ललितपुर।