ललितपुर। आदर्श विद्यालय में विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को आवासीय शिक्षा मुहैया होगी। स्कूल परिसर में साठ बच्चों का एक्सीलरेंट कैंप का शुभारंभ हो गया, जिसमें नामांकित 36 श्रवण बाधित और 24 दृष्टिबाधित बच्चों को ककहरा सिखाया जा रहा है।
सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित समेकित शिक्षा में विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। एसपी बंगले के पास स्थित आदर्श विद्यालय भवन में एक्सीलरेंट कैंप का शुभारंभ हो गया, जिसमें 36 श्रवणबाधित और 24 दृष्टिबाधित बच्चों को नामांकित किया गया है। विशेषज्ञ शिक्षक इन बच्चों को सहायक उपकरणों की मदद से ककहरा सिखा रहे हैं। जहां दृष्टि बाधित बच्चों को ब्रेल लिपि की मदद से शुरुआती शिक्षा प्रदान की जा रही है। वहीं, श्रवण बाधित बच्चों की शिक्षा में हेयरिंग ऐड (सुनने की मशीन) का सहारा लिया जा रहा है। विशेषज्ञ टीचरों का कहना है कि श्रवण बाधित बच्चों को स्पीचथेरेपी दी जा रही है, जिससे वह शिक्षक की बातचीत को आसानी से समझ सकें। इसी प्रकार दृष्टिबाधित बच्चों को ब्रेल लिपि सिखाई जा रही है।
इस दौरान बच्चों का पूरा ख्याल रखा जाता है। आने वाले दिनों में बच्चे ककहरा सीख जाएंगे। उसके पश्चात किताबी पाठ्यक्रम को शिक्षण में शामिल किया जाएगा। जिला समन्वयक दीपमाला कहना है कि कैंप में छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को नामांकित किया जाता है। यहां बच्चों को सभी प्रकार की नि:शुल्क सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। यदि किसी अभिभावक का बच्चा विशिष्ट आवश्यकता वाला है तो वह कैंप में उसका नामांकन करा सकता है।