ललितपुर। डीएम ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह के कार्यक्रमों की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार के निर्देश पर गणतंत्र दिवस समारोह की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
26 जनवरी को समारोह का आयोजन सुबह 7.30 बजे से शुरू होगा। इस दौरान घंटाघर परिसर पर प्रभात फेेरी निकाली जाएगी। इसके बाद डीएम द्वारा चंद्रशेखर आजाद, महात्मा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल और वीर सावरकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
जेल चौराहा पर स्थित डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और तुवन चौराहा स्थित पं. परमानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। 8.30 बजे जिले के समस्त शासकीय व अर्द्ध शासकीय कार्यालयों पर झंडा फहराया जाएगा, उसके बाद राष्ट्रगान होगा।
सुबह 9 बजे पुलिस लाइन परिसर मैदान में एनसीसी, होमगार्ड, पुलिस कर्मियों द्वारा परेड की जाएगी, उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा विकास कार्यों के आधार पर विभागीय अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
सुबह 10 बजे सभी शैक्षिक संस्थाओं में झंडा फहराया जाएगा। इस दौरान 10.15 बजे साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जो स्टेडियम से प्रारंभ होगी और कैलगुवां चौराहा से वापस स्टेडियम जाएगी। साइकिल रेस के बाद 11 बजे मुहल्ला खिरिकापुरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद ग्राम पनारी स्थित मदर टेरेसा आश्रम और आदर्श विद्यालय में प्रशासन द्वारा बच्चों को मिठाई व फल वितरित किए जाएंगे। स्टेडियम में वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे नगर पालिका परिसर में निर्बल और असहाय गरीब व्यक्तियों को कंबल वितरित किए जाएंगे।