ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम खितवांस में विद्युत शिविर के दौरान बिल जमा करने को लेकर ग्राम प्रधान ने जेई के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। इस मामले में महरौनी पुलिस ने आरोपी ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम खितवांस स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन पर तैनात अवर अभियंता निश्चय कुमार ने कोतवाली महरौनी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को वह एक मुश्त समाधान योजना के तहत विद्युत शिविर लगाकर अपना कार्य कर रहे थे। उनके साथ में बृजभान एवं कृष्णकांत वर्मा भी अपना कार्य कर रहे थे। तभी दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे ग्राम खितवांस निवासी ग्राम प्रधान कमलेश आए और अभद्रता पूर्वक व्यवहार करते हुए कहा कि उनका 2,01,736 रुपये का बिल कैसे आ गया। वह बकाए का पैसा भी जमा नहीं कर रहे थे। जब उन्होंने उन लोगों को बिल जमा करने के लिए कहा तो वह उन्हें फिर से गालियां देते हुए बदतमीजी करने लगे और उनका मोबाइल छीन कर फैंक दिया। जिससे उनका मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया। उसके द्वारा शिविर में व्यवधान कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। जिससे शिविर का संचालन निर्धारित अवधि तक नहीं चल सका। महरौनी पुलिस ने उक्त मामले में आरोपी ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।