संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अब शहर में तुवन चौराहा से कर्पूरीठाकुर चौराहा तक सड़क पर पानी नहीं बहेगा। जल निगम नगरीय ने मार्ग में जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया है। जल्द ही लीकेज के कारण सड़क पर बह रहे पानी से राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के अमरपुर स्थित भवन में पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम नगरीय इकाई की ओर से पुरानी पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य किया गया था, इसके बाद भी इसमें जगह-जगह लीकेज से पानी बर्बाद हो रहा था। इससे राहगीरों को दिक्कत हो रही थी। इस कारण पानी पर्याप्त मात्रा में मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंच रहा था। साथ ही सड़क भी हो रही थी और इससे पानी आपूर्ति की समस्या जस की जस बनी हुई थी।
समस्या को लेकर अमर उजाला ने 26 दिसंबर को पेज नंबर दो पर ‘पाइपलाइन में लीकेज से बर्बाद हो रहा पानी’ शीर्षक के साथ समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेकर लीकेज की मरम्मत शुरु कर दिया।
महिला थाना के पास क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को ठीक कर दिया गया है। वहीं एसपी आवास के पास भी कार्य किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मरम्मत का कार्य पूर्ण कर पानी की बर्बादी रोकी जाएगी। अधिशासी अभियंता मुकेशपाल सिंह ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज को ठीक किया जा रहा है। जल्द ही कार्य को पूर्ण कर दिया जाएगा।ा