ललितपुर। वर्ष 2021 में अतिवृष्टि से नष्ट हुई फसल के चलते हुई आर्थिक समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में खरीफ फसल के बीमित किसानों में 128206 किसानों को बीमा क्लेम की राशि एक अरब 91 करोड़ 16 लाख 83 हजार रुपये खाते में भेजे जा चुके हैं। शेष किसानों को भी अब जल्द ही बीमा क्लेम मिलने की उम्मीद जाग गई है।
जिले के किसान प्राकृतिक आपदाओं की मार से फसलों का पूरा उत्पादन नहीं कर पा रहे हैं। लगातार आपदाओं की मार से किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो गए हैं। कई किसानों के लिए तो परिवार का पालन पोषण करना तक मुश्किल हो रहा है। कृषि के अलावा अन्य कोई कार्य न होने से मजबूरन ही खेती कर रहे हैं।
बीते वर्ष किसानों ने कर्ज लेकर खरीफ फसल की बुवाई की थी, लेकिन बुुवाई के बाद लगातार बारिश से कुछ किसानों को दोबारा बुवाई करना पड़ी थी। इसके दो माह बाद बारिश होने से फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई थी। सर्वे में लगभग 60 प्रतिशत नुकसान का आंकलन किया गया था।
आपदाओं से नष्ट होने वाली फसलों से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए 162935 किसानों ने बीमा कराया था। इसमें 156514 ऋणी किसानों का फसल बीमा के प्रीमियम की राशि को बैंकों द्वारा काट कर बीमा किया गया और 6421 गैर ऋणी किसानों ने फसल बीमा कराया था। इसमें 128206 किसानों को 2021 की खरीफ फसल का बीमा क्लेम की एक अरब 91 करोड 16 लाख 83 हजार रुपये की राशि खाते में भेजी जा चुकी है। इससे किसानों केे आर्थिक रूप से राहत मिलेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शेष बीमित किसानों को फसल का बीमा क्लेम जल्द ही मिलेगा।
बीमा कंपनी द्वारा वर्ष 2021 की खरीफ फसल का बीमा क्लेम 128206 किसानों को एक अरब 91 करोड़ रुपये खातों में भेजे गए हैं। शेष किसानों को बीमा क्लेम जल्द मिलेगा।- संतोष कुमार सविता, उप निदेशक, कृषि