डीएम ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान की हकीकत जानने के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान पीएन कालेज के बीएलओ के अभिलेख दुरुस्त नहीं पाए गए। जिस पर उन्होंने डीपीओ के जरिये बीएलओ का स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
डीएम डा. रूपेश कुमार ने राजकीय बालिका इंटर कालेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय बीएलओ रेखा वर्मा और चंपा उपस्थित पाई गई। रेेेखा ने मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन किए जाने वाला रजिस्टर तैयार किया है। उनके द्वारा बूथवार विकलांगों की सूची भी तैयार की गई है। यही नहीं, फार्म छह, सात, आठ व आठ ए सही ढंग से भरे गए हैं। जिस पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उसे पुरस्कृत किए जाने के निर्देश तहसीलदार को दिए। राजकीय इंटर कालेज में बीएलओ ने निर्धारित प्रारूप पर रजिस्टर तैयार किया है। वर्णी जैन इंटर कालेज में चार बीएलओ तैनात किए गए हैं। इनमें से एक बीएलओ मीरा वर्मा मौजूद नहीं मिली। उपस्थित बीएलओ ने बताया कि उनका दो-तीन दिन से स्वास्थ्य खराब चल रहा है, इसलिए वह जल्दी चली गई हैं।
इस पर उन्हें अगले कार्यदिवस में अभिलेख दिखाने के लिए कहा गया। उपस्थित बीएलओ द्वारा जो फार्म छह भरे गए हैं, उनमें जन्मतिथि के संबंध में सही प्रमाण पत्र नहीं लगाए हैं। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र लगवाने के निर्देश दिए। पुरूषोत्तम नारायण इंटर कालेज (पीएन) में तीन बीएलओ उपस्थित मिले। नीलम चतुर्वेदी से मतदान सूची से अंकित मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन किए जाने वाला रजिस्टर मांगा गया। इस दौरान प्रस्तुत रजिस्टर निर्वाचन कार्यालय के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके अलावा विवरण भी पूर्ण नहीं है। इसी तरह दो अन्य दो बीएलओ द्वारा निर्वाचन कार्यालय के अनुरूप सर्वे रजिस्टर नहीं बनाया है। जिस पर उन्होंने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।