संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आए दिन अधिक दाम पर खाद बेचने की शिकायत किसान करते हैं। अब कृषि विभाग ने सभी दुकानों पर खाद-बीज की रेट सूची चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। इसमें खाद बीज की वास्तविक लागत, खाद-बीज पर मिलने वाला अनुदान और किसानों को मिलने वाले खाद बीज का मूल्य पेंट कराना होगा।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों पर किसानों को रबी की फसलों की बोआई के लिए बीज वितरण किया जा रहा है। इनमें विभिन्न प्रजातियों का गेहूं, जौ, चना, मटर और राई का प्रमाणित बीज उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि राई, सरसों एवं तोरिया के बीज की मिनीकिट निशुल्क वितरित की जा रही है। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड लाना होगा।
किसानों को खाद इस रेट पर मिलेगी
किसानों को अनुदान के बाद यूरिया 266 रुपये, डीएपी 1350 रुपये, टीएसपी एचयूआरएल 1300 रुपये, टीएसपी आरसीएफ 1300 रुपये, एनपीके इफको 1350 रुपये, एनपीके जीएसएफसीएल 1450 रुपये, एनपीके आरसीएफ 1500 रुपये, एनपीके (20:20:00:13) महाधन 1550 रुपये, एपीके (9:24:24) महाधन 2100 रुपये, एनपीके पीपीएल 725 रुपये और एनपीके एमबीएपीएल का मूल्य 800 रुपये है।