ललितपुर। शहर के मुख्य बाजार घंटाघर, कटरा में राखी की दुकानें अभी से सज गई हैं। 10 से लेकर 400 रुपये की राखियों में सादा धागा राखियां, गोल्डन पॉलिस की गई चेन की राखियां, कड़ा राखियां, विशेष रूप से लोगों को लुभा रही हैं।
व्यापारियों ने इस बार इंदौर, ग्वालियर के साथ ही मुंबई और दिल्ली से भी आकर्षक राखियां मंगाई हैं। भाइयों के साथ भाभियों के लिए भी अलग से राखियां उपलब्ध हैं। भाइयों के लिए दुकानों पर सादा रंगीन धागा, शंख, मोती वाली राखियों के साथ ही गोल्डन पॉलिस की चेन वाली राखियां हैं। कपल राखियां भी हैं, जो भाई और भाभी के लिए एक ही डिजाइन की हैं। जबकि, भाभियों के लिए अलग से कड़ा वाली राखियां भी मंगाई गई हैं, जो महिलाओं को खूब लुभा रही हैं। बच्चों के लिए विशेष डिजाइन की राखियां बाजार में उपलब्ध हैं।
कटरा बाजार में महावीर प्याऊ के पास तो तीन दिन पहले से ही राखियाें का बाजार सज गया है। इसके साथ घंटाघर पर सड़क किनारे राखियों का बाजार सजाने की तैयार चल रही है। लोगों ने इसके लिए पहले से ही अपनी जगह चिह्नित करके हाथ ठेले या अन्य सामान रख लिया है।