ललितपुर। रविवार देर रात तक हुई बारिश ने नगर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। बारिश से शहर के कई मोहल्लों की नालियां ओवरफ्लो हो गईं। कचरा फंसने से नालियां भी चोक हो गईं। इससे मोहल्ले जलमग्न हो गए।
ऐसी ही स्थिति शहर के मोहल्ला तालाबपुरा वार्ड नंबर 21 में रही। जहां पर पहली तेज बारिश से मोहल्ला जलमग्न हो गया। लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं नई तहसील के पास नाली में ओवरफ्लो से सड़क के ऊपर से पानी निकला। शहर के विभिन्न मोहल्लों में नगर पालिका द्वारा लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नालियों से कचरा हटाया गया। लेकिन बीते रविवार की शाम को हुई तेज बारिश ने नगर पालिका के सफाई अभियान की पोल खोल दी है। देर रात तक पानी कम नहीं हो सका।
कई लोगों को कोरोना काल में संक्रमण के भय के चलते घरों में ही रहे। कई लोगों के घरों में ही पानी भर गया। इससे लोगों को खासी परेशानी हुई। इसके अलावा शहर के मोहल्ला सदनशाह के पास स्थित नई तहसील रोड़ पर नाली का पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर बहने लगा। इसके साथ ही नहर के पास खाली पड़े मैदान से पानी के साथ आए कचरा से नाली चोक हो गई। सड़क के ऊपर से पानी के साथ कचरा बहता रहा है। पानी से कचरा भी सड़ गया है।
मोहल्ले में बारिश के पानी से रास्त जलमग्न हो जाता है। लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।
- नवीन जैन
रास्ते में जलभराव होने से बच्चों के गंदे पानी में गिरने का भय बना रहता है। निकासी के लिए नाले को गहरा कराया जाए।
- नरेंद्र सिंदवाहा
नाली की ठीक से सफाई नहीं होने से कचरा फंसा रहता है। पानी की निकासी होने पर नाली का पानी ओवरफ्लो हो जाता है।
- शाहिब रजा
नाली में कचरा जमा होने से सड़क के ऊपर से पानी होकर निकलता है। इससे लोगों को गंदे पानी से निकलना पड़ रहा है।
-वाहिद खा
शहर के मोहल्ला तालाबपुरा व नई तहसील के पास जलभराव होने का मामला संज्ञान में आया है। जिसकी सफाई कराई जाएगी।
- रमेशचंद्र, अपर उपजिलाधिकारी/ प्रभारी अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद
तालाबपुरा की गलियों में भरा बारिश का पानी- फोटो : LALITPUR
पानी से लबालब हुई तालाबपुरा मोहल्ले की गली- फोटो : LALITPUR