संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में पाइपलाइन बिछी होने के बाद भी दस हजार से अधिक की आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। कारण, टंकियां पूरी नहीं भरी जा रही हैं। टंकियां भरें भी तो कैसे, जब दो वर्ष से एक पंप हाउस ही खराब पड़ा है।
नेहरूनगर, सिविल लाइन द्वितीय, चांदमारी, गांधीनगर आदि मोहल्लों में पाइपलाइन तो बिछी है, लेकिन पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं है। कुछ मोहल्ले तो ऐसे हैं, जिसमें गर्मी ही नहीं सर्दी व बारिश के मौसम में भी नलों में पानी नहीं आता। नेहरूनगर समेत अन्य मोहल्लों में गर्मी आते ही पानी की समस्या विकराल हो जाती है। डोंडाघाट पर तीन पंप हाउस लगे हैं। वर्तमान में एक पंप हाउस दो वर्ष से अधिक समय से खराब है। इससे अन्य पंप हाउस पर लोड बढ़ने से डोंडाघाट की दो और लेड़ियापुरा में स्थापित दो टंकियों में एक भी पूर्ण क्षमता से नहीं भर पा रही है।
-
दोगुने समय में भर रहीं टंकियां
पहले जहां एक टंकी भरने में आठ घंटे लगता था, वहीं अब 16 घंटे में भी टंकी पूरी नहीं भर पा रही है। इससे पर्याप्त मात्रा में या पूर्ण क्षमता के साथ आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
-
राइजिंग लाइन में कर दिए कनेक्शन
पंप हाउस से टंकी भरने वाली राइजिंग लाइन तक में कनेक्शन कर दिए हैं। इससे राइजिंग लाइन का प्रेशर कम हो गया है। सूत्रों ने बताया कि 500 से अधिक कनेक्शन लेड़ियापुरा में राइजिंग लाइन में किए गए हैं। इन कनेक्शन को अलग कर दिया जाए तो राइजिंग लाइन का प्रेशर बढ़ जाएगा।
डोंडाघाट स्थित एक पंप हाउस खराब पड़ा है। शीघ्र ही इसकी मरम्मत कराकर आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।- अक्षय त्रिपाठी, जिलाधिकारी