संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी मंडल की अपर निदेशक डाॅ. सुमन समेत तीन सदस्यीय टीम ने जिला चिकित्सालय (पुरुष व महिला) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। उन्होंने चिकित्सक समेत स्टॉफ को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
टीम ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मात्र दिवस के अंतर्गत आने वाले लाभार्थियों से चिकित्सालय से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। ओपीडी में लाभार्थियों ने बताया कि सभी प्रकार का उपचार निशुल्क दिया जा रहा है। ओपीडी के कमरा नंबर सात में ऑन ड्यूटी डाॅ. श्वाती खरे उपस्थित मिलीं। बाहर पेयजल व अन्य व्यवस्थाएं भी ठीक मिलीं। लेबर रूम व इमरजेंसी विभाग में डॉ. कीर्ति जैन, डाॅ. आशु बजाज व डाॅ. दीपाली जैन मौजूद मिलीं। लाभार्थियों के पास साफ-सफाई व स्वास्थ्य सेवाएं ठीक पाई गईं।
संयुक्त निदेशक डाॅ. आरके सोनी ने सभी लाभार्थियों को योजनाओं का शतप्रतिशत लाभ देने के निर्देश दिए। मंडलीय परामर्शदाता आनंद चौबे ने स्टाॅफ से मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अपर निदेशक ने कहा, अस्पताल में अधिकांश लापरवाही की शिकायतें मिलती हैं। इस पर अंकुश लगाएं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी सिंह, वरिष्ठ फिजीशियन डाॅ. पवन सूद, बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. डीबी सिंह, डॉ. गजेंद्र, मैट्रेन संगीता, नंदलाल यादव आदि मौजूद रहे।