देशी शराब की दुकान की खिड़की को लाठी से पीटती महिलाएं व दुकान के दूसरी ओर पुलिस कर्मी समझाता हुआ
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खिरकापुरा में शराब की दुकान को मोहल्ले से हटाने की मांग को लेकर रविवार की सुबह मोहल्ले की महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। जाम लगाए महिलाएं हाथ में पत्थर लेकर शराब की दुकान का शटर पीटती रहीं। बाद में मोहल्ले के पुरुष भी महिलाओं के इस आंदोलन में शामिल हो गए।
मोहल्ला खिरकापुरा में हाईवे से मोहल्ले की ओर जाने वाली सड़क पर रिहायशी इलाके में देसी शराब की दुकान होने से मोहल्लेवासी खासतौर पर महिलाओं व छात्राओं को सबसे अधिक दिक्कत हो रही थी। आए दिन शराब की दुकान पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इसी के चलते मोहल्ले की महिलाओं ने एक महीने पहले इस शराब की दुकान को हटाने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों से मांग की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस कारण रविवार को मोहल्ले की महिलाओं एवं पुरुषों ने एकत्रित होकर दुकान यहां से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया।
सुबह करीब 11 बजे महिलाओं ने मोहल्ले की बाईपास सड़क को जाम कर दिया और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब पचास से अधिक महिलाओं ने हाथ में पत्थर व ईंटे लेकर दुकान के बंद शटर को पीटना शुरू कर दिया और नारेबाजी करती रहीं। इस दौरान कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हो गए। यहां तक कि मोहल्ले के बच्चों ने भी इस आंदोलन में शामिल होकर शराब की दुकान हटाने की मांग की। जानकारी मिलने पर सदर चौकी प्रभारी सुुुुभाष चंद्र, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला, सीओ सिटी इमरान अहमद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं का गुस्सा शराब की दुकान के प्रति इतना अधिक थी कि पुलिस के आने के बाद भी वह उस दुकान का शटर पीटती रहीं। उनकी एक ही मांग थी कि शराब की दुकान मोहल्ले से हटाकर कहीं दूर कर दी जाए, ताकि रोजाना नशेड़ियों द्वारा महिलाओं के साथ बदसलूकी होने से रुक सके। महिलाओं का आरोप है कि लोग शराब की दुकान पर खड़े होकर महिलाओं, बच्चियों के निकलने पर भद्दी टिप्पणी करते हैं और कई बार उलझ भी जाते हैं। उधर, आबकारी अधिकारी व सीओ सिटी के समझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम खोला जा सका। इसके बाद हंगामा शांत हो सका।