संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मंगलवार को भक्त शिरोमणि मां कर्माबाई की 1009वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। श्री गोपेश्वर मंदिर से गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। व्यायामशाला के पहलवानों का करतब व युवाओं का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया।
शहर के गोपेश्वर मंदिर से प्रारंभ शोभायात्रा सावरकर चौक, घंटाघर, तुवन मंदिर चौराहा होकर वर्णी कॉलेज, पुरानी कृष्णा टाॅकीज से पुराना सूचना केंद्र होकर नई बस्ती स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर पर पहुंची। यहां शोभायात्रा का समापन किया गया। समाजसेवी घोड़ों पर सवार थे। युवा धर्मध्वज लेकर चल रहे थे। इनके साथ ही मां कर्माबाई, श्री राधाकृष्ण, श्रीरामचंद्र, श्री हनुमान जी, भगवान शिव समेत कई देवी देवताओं की सजी हुई झांकियां हाथठेला पर चल रही थीं। देवी-देवताओं की झांकियां देखते ही बन रही थीं। इनके पीछे महिलाएं मंगल कलश लेकर गीत गाती चल रही थीं। भगवानों के स्वरूप बग्घियों में सवार थे। बग्घियों में समाजसेवी संगठनों व स्वजातीय बंधुओं के साथ भगवान के स्वरूप चल रहे थे। डीजे की धुन पर युवा थिरकते नजर आए।
शोभायात्रा में ट्रक पर चल रही रासलीला आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा श्री राधाकृष्ण मंदिर में पहुंची, जहां विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम व हवन पूजन के साथ समापन कर प्रसाद वितरण किया गया। वक्ताओं ने मां कर्माबाई के जीवन चरित्र व भक्त समर्पण पर प्रकाश डाला। शोभायात्रा में जिला प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाशनारायण निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिशचंद्र रावत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, प्रदीप चौबे, बब्बूराजा, हरीराम निरंजन, अध्यक्ष संतोष साहू, महामंत्री ब्रजेश साहू, गंर्धव सिंह लोधी, हरदयाल सिंह लोधी, जानकी प्रसाद, अमर विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।