ललितपुर। जनपद में अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब जब धरती पर पाप बढ़ा है, तब तब प्रभु ने अवतार लेकर धरती को पाप मुक्त कराया। भगवान विष्णु के छठे अवतार के रूप में परशुराम जी का धरती पर अवतरण हुआ था। मौके पर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अव्वल आने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं, शहर में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इलाइट चौराहा स्थित भगवान परशुराम मंदिर पर युवा ब्राह्मण महामंडल के तत्वावधान में आयोजित भगवान परशुराम जयंती महोत्सव तुवन मंदिर के महंत रामलखन दास महाराज के पावन सानिध्य में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम सुबह 9 बजे भगवान की मूर्ति का वेदपाठी ब्राम्हणों द्वारा अभिषेक कर पूजन एवं हवन किया गया। आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में युवा ब्राम्हण महामंडल के जिलाध्यक्ष राजेश दुबे, राजीव कटारे, सौरभ अग्निहोत्री,अतुल शर्मा, प्रदीप चौबे, रामेश्वर सडैया, विलास पटैरिया, शत्रुघन शुक्ला आदि मौजूद रहे। गोष्ठी का संचालन अभिषेक नायक और आभार महामंत्री अवधेश कौशिक ने व्यक्त किया।