ललितपुर। मुहल्ला नेहरू नगर वर्तमान में पानी का संकट बना हुआ है। मंगलवार को पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नेहरू नगर का भू-जल स्तर 500 फुट तक नीचे जा चुका है, इस कारण यहां लगे एक सैकड़ा हैंडपंपों में से मात्र दर्जन भर हैंडपंपों से पानी निकल रहा है। इलाके के कुछ ही हिस्से में पेयजल की पाइप लाइन बिछी हुई है। इस पाइप लाइन में 24 घंटे में केवल आधा घंटे तक ही जलापूर्ति की जाती है, लेकिन मंगलवार की सुबह नलों में पानी की आपूर्ति नहीं की गई, इससे पूरे इलाके के लोग पानी के लिए परेशान रहे। इलाके में कुछ ही हैंडपंप चालू हालत में हैं, जिन पर पानी भरने के लिए लोग कड़ी धूप में इंतजार करते रहे। कुछ लोग एक-एक किमी दूर से किसी तरह पानी का जुगाड़ करके लाए।
इस भीषण गर्मी में पानी के बिना लोगों का बुरा हाल रहा। नलों में पानी नहीं आने के पीछ जल संस्थान के अधिकारियों ने पाइप लाइन लीकेज होने की बात कही। उन्होंने बताया कि सोमवार की दोपहर नेहरू नगर में पानी की आपूर्ति को जाने वाली मुख्य पाइप लाइन के बाल्ब में लीकेज आ गया था। देर शाम तक लीकेज को सुधारा जा सका, जिससे टंकी में पानी नहीं भर सका और जलापूर्ति ठप रही।
हैंडपंप सुधरवाने की मांग
ललितपुर। विकासखंड बार के ग्राम गुगरवारा निवासी हरीराम ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में लगे हैंडपंप को सुधरवाने की मांग की है। बताया कि सूखा के कारण गांव में पेयजल की समस्या पैदा हो गई है। हैंडपंप खराब होने के कारण गांव के बाहर से पानी लाना पड़ रहा है।