ललितपुर। विद्युत विभाग में इंटरनेट कनेक्टिविटी की रफ्तार धीमी होने, प्रिंटर खराब होने और अन्य तकनीकी खामियों के कारण पिछले तीन दिन से विद्युत बिलों के भुगतान को पहुंच रहे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
सोमवार को भी विद्युत उपभोक्ताओं को तकनीकी खामी दिन भर परेशान करती रही। बुजुर्ग तथा महिलाएं कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
विद्युत विभाग द्वारा हर माह शहर में विद्युत का उपभोग करने वाले संयोजनधारी उपभोक्ताओं की विद्युत बिलिंग का कार्य कार्यदाई संस्था के माध्यम से कराया जाता है, जबकि विद्युत बिलों का भुगतान आनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से जमा कराया जाता है।
लेकिन, आए दिन इंटरनेट की कनेक्टिविटी फेल होने अथवा अन्य तकनीकी खामियां होने के कारण बिलिंग के भुगतान में परेशानी आती है। सोमवार को नझाई बाजार स्थित विद्युत कार्यालय में बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही।
दरअसल, महीने की अंतिम तारीख होने के कारण उपभोक्ता बिजली का बिल जमा करना चाहते थे, लेकिन इंटरनेट कनेक्टिविटी काफी धीमी होने के कारण तथा बीच-बीच में नेट फेल होने के कारण उपभोक्ता लाइन में लगे इंतजार करते रहे। बहुत से उपभोक्ता तो नेट कनेक्टिविटी नहीं आने और लंबी लाइन देखकर वापस लौट गए।
यह नजारा विद्युत विभाग में दिन भर चलता रहा। वहीं, उपखंड अधिकारी के पास भी बिल फीड कराने वाले उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही, लेकिन नेट कनेक्टीविटी ने सबको मायूस ही किया।
एसडीओ ने किया लिपिक का काम
नझाई बाजार स्थित विद्युत कार्यालय में तैनात दो लिपिकों की ड्यूटी पंचायत चुनाव में लगा दी गई। इस कारण सोमवार को विद्युत विभाग में लिपिकों का कार्य उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा को संभालना पड़ा।