आधा दर्जन गांवों की सिंचाई प्रभावित, निजी पंपों से पानी खरीदने को मजबूर किसान
फोटो-28,29
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में गोविंद सागर बांध और राजघाट ऊपरी नहर से निकली माइनरों की बदहाली के कारण किसानों को गंभीर सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है। नहरों में वर्षों से सिल्ट सफाई न होने, खरपतवार फैलने और अतिक्रमण के कारण पानी टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे गेहूं की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसान आक्रोशित हैं।
पानी की कमी के कारण किसान आधुनिक तकनीक आधारित खेती नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें महंगे डीजल और निजी पंपों से खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि नहर से लाभ न मिलने पर भी उन्हें लगान देना पड़ रहा है। सरकारी व्यवस्था के साथ निजी संसाधनों पर भी अतिरिक्त धन खर्च हो रहा है। किसानों ने कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है।
लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द नहरों की सफाई और पानी की व्यवस्था न होने पर आंदोलन किया जाएगा। यह समस्या कई गांवों में व्याप्त है।
गोविंद सागर और मजरा पारा माइनरों की स्थिति
गोविंद सागर बांध से निकली करीब 10 किलोमीटर लंबी छोटी नहर की वर्षों से सफाई नहीं हुई है। इसमें खरपतवार और जगह-जगह अतिक्रमण फैल गया है। रखरखाव के अभाव में इस माइनर का अस्तित्व खतरे में है। बिजरौठा मजरा पारा माइनर में भी सफाई न होने से किसान नाराज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नहर सफाई के नाम पर कागजों में धनराशि निकाली जाती है, जबकि धरातल पर खानापूर्ति होती है।
राजघाट नहर और किसान संघ की मांग
राजघाट ऊपरी नहर से निकली माइनरों में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। सीरोन कलां, सीरोन खुर्द, सतगता, रसोई, बानौली, धर्मपुरा और बाजनो सहित आसपास के गांवों को पानी नहीं मिल पा रहा है। नहर को चलते हुए 15 दिन हो चुके हैं, फिर भी टेल तक पानी नहीं पहुंचा। भारतीय किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष केहर सिंह बुंदेला और जिला उपाध्यक्ष कृपाल सिंह ने सिंचाई विभाग को ज्ञापन दिया है। उन्होंने सभी माइनरों में पर्याप्त पानी छोड़ने और टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है।
00000000000000
फोटो-30
नहरों में पानी छोड़े पंद्रह दिन हो गए हैं, लेकिन फुलगेज से पानी नहीं चलने के कारण खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे गेहूं की सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं नहर की सफाई नहीं होने से पानी समय से नहीं पहुंचेगा, तो फसल को पानी कैसे दे पाएंगे।-बालचंद्र, किसान, रोंडा
-
फोटो-31
जैसे-तैसे नहर का पानी क्षेत्र तक पहुंचता है, लेकिन ऊपरी क्षेत्र के कुछ किसान नहर में बंधा बनाकर पानी रोक लेते हैं। इससे नीचे के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाता। हमने नहर में बनाए गए अवरोध हटवाने और सभी किसानों तक पानी पहुंचाने की मांग की है।-दशरथ, किसान, सिवनी
फोटो-32
सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण किसानों को हर वर्ष समय पर पानी नहीं मिल पाता है। इसके चलते वह पानी खरीदकर सिंचाई करते हैं। इससे उनकी लागत प्रभावित होती है। नहरों को सही तरीके से संचालित कराने के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अवगत कराएंगे।-सुनील शर्मा, किसान नेता
फोटो-33
सिंचाई निर्माण खंड प्रथम जाखलौन पंप कैनाल से जामुनधाना कलां जाने वाली नहर को 13 तारीख से बंद कर दिया है। किसान पलेवा भी नहीं कर पा रहे हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की, तो कोई सकारात्मक उत्तर नहीं मिल रहा है, इससे ग्रामीण मानसिक तनाव में हैं।-आनंद दियोलिया, भाजपा किसान नेता
-
नहर सफाई का काम कराया गया था। यदि कुछ जगह पर छूटा होगा, तो उसकी सफाई कराई जाएगी। ताकि किसानों को भरपूर पानी मिल सके।-सुरेंद्र कुमार,अधिशासी अभियंता, राजघाट निर्माण खंड