महरौनी(ललितपुर)। पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने कहा कि कस्बे में पिछले तीन महीनों में हुईं चोरी की वारदातें पुलिस के लिए चुनौती हैं, जिनका खुलासा करके चोरों को जल्द पकड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।
एसपी ने अमर उजाला व मैक्स ब्लाक्स की चौपाल में जनसमस्याएं सुनने के बाद कोतवाली में पहुंचकर अधीनस्थों को कड़े निर्देश दिए।
एसपी मौ. इमरान ने अमर उजाला व मैक्स ब्लाक्स की चौपाल के दौरान लोगों की पुलिस संबंधी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस संबंधी शिकायतें लेकर चौपाल में पहुंचे पीड़ितों को एसपी ने न्याय दिलाने का आश्वासान दिया।
चौपाल में आई शिकायतों में सबसे ज्यादा पिछले तीन महीनों में हुई नगर में चोरियों को लेकर रहीं। चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद सीओ महरौनी बल्देव सिंह व कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित व शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना उनकी व उनके विभाग की जिम्मेदारी है। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह और उनका विभाग चौबीस घंटे उपलब्ध है। पीड़ितों ने एसपी के समक्ष विभिन्न प्रकार की समस्याएं रखीं, जिसमें प्रमुख शिकायतों को उन्होंने सीओ महरौनी को सौंपते हुए उनके निस्तारण की प्रगति से वाकिफ कराने को कहा।
एसपी ने अपना मोबाइल सार्वजनिक करते हुए कहा कि अगर कोतवाली स्तर पर न्याय मिलने में परेशानी आती है, तो पीड़ित सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि चोरियों की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाएगा।
सट्टा व अवैध शराब की शिकायत पर कहा कि पुलिस और जनता के बीच अगर सामंजस्य बेहतर हो, तो अपराधों पर लगाम लगाने में सहायता मिलती है। शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने कोतवाली महरौनी का रुख किया। कोतवाली का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने कोतवाली प्रभारी से चोरी की घटनाओं से संबंधित जानकारी ली।
जानकारी के बाद उन्होंने विशेष टीम बनाकर चोरों का खुलासा करने को कहा। जरूरत पड़ने पर क्राइम ब्रांच, स्वाट व सर्विलांस टीम की मदद भी उपलब्ध कराने की बात भी कही।