ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दूसरे समुदाय के एक युवक द्वारा युवती को अगवा कर ले जाने पर गांव की तनाव की स्थिति हो गई थी। ग्रामीणों ने बाजार बंद करने का एलान तक कर दिया था लेकिन पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन पर माहौल शांत हो सका था। मामले में कोतवाली पुलिस टीम आरोपी तक पहुंच गई है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दूसरे समुदाय के युवक द्वारा एक हिंदू युवती को भगा ले जाने के मामले में गांव में परिवारजन व ग्रामीण एकत्रित हो गए थे और बवाल होने की संभावना के चलते गांव में भारी पुलिस बल एवं पीएसी भी तैनात कर दी गई थी। बाद में पुलिस ने युवक पर युवती के अपरण का मामला दर्ज कर लिया था, जबकि उसके अगले दिन दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरोपी व युवती की बरामदगी के लिए कोतवाली पुलिस की दो और एसओजी टीम को लगाया था। पुलिस टीमों को आरोपी का सुराग मिला है और पुलिस टीमें लगभग उस तक पहुंच गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही पुलिस टीमें आरोपी युवक एवं युवती को बरामद कर सकती है। शहर कोतवाल मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें अपना काम कर रही हैं और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही युवती की बरामदगी की जाएगी।